गिरिडीह। जिले के जमुआ थाना मोड़ के समीप पिछले कुछ समय से बिजली की समस्या ने विकराल रूप ले लिया है। विदित हो कि जमुआ थाना मोड़ के सामने और हरला-दुम्मा रोड़ के निकट दोनों ट्रांसफार्मर जल जाने से लोग काफी परेशान हैं। यहाँ लगे दो मुख्य ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण स्थानीय नागरिक और व्यापारी काफी परेशानी का सामना कर रहे हैं। बिजली गुल होने से न सिर्फ आम जन जीवन प्रभावित हुआ है, बल्कि स्थानीय बाजार की आर्थिक रफ्तार पर भी ब्रेक लग गया है।
छोटा ट्रांसफार्मर साबित हो रहा हाथी के दांत
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि विभाग द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर जो छोटा ट्रांसफार्मर लगाया गया है, वह क्षेत्र का लोड सहने में पूरी तरह अक्षम है। अधिक लोड पड़ते ही बिजली ट्रिप हो जाती है, जिससे लोगों को नाम मात्र की भी सुविधा नहीं मिल पा रही है। इस रवैया से व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। व्यापारियों ने अपनी व्यथा बताते हुए कहा कि बिजली के अभाव में उनका काम काज पूरी तरह से ठप हो चुका है। ऑनलाइन सेवाएं और बैंक इंटरनेट और कंप्यूटर बंद रहने से डिजिटल लेनदेन प्रभावित हुआ है। दुकानें और वर्कशॉप, वेल्डिंग, छपाई और फ्रिज पर आधारित व्यवसायों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। पेयजल संकट: घरों और प्रतिष्ठानों में मोटर नहीं चलने से पानी की किल्लत भी शुरू हो गई है। कहा कि 25केवी ट्रांसफार्मर लोड नहीं ले पा रहा है। जमुआ क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से मांग किया हैं, कि जल्द से जल्द 100 केवी का ट्रांसफार्मर लगाया जाए ताकि स्थिति सामान्य हो सके।
जल्द समाधान की मांग
क्षेत्र के नागरिकों और व्यापारियों ने बिजली विभाग के वरीय अधिकारियों का ध्यान इस ओर खींचते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही यहाँ क्षमता के अनुसार नया और बड़ा ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। फिलहाल, पूरा इलाका अंधेरे और उमस भरी गर्मी के बीच बिजली आने की राह देख रहा है।
