बालूमाथ।थाना क्षेत्र के भगिया गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 57 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान धनेश्वर राम (57 वर्ष),पिता स्वर्गीय दिलु राम,निवासी भगिया के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार धनेश्वर राम अपने भतीजे बिक्की की आगामी 24 अप्रैल को होने वाली शादी का निमंत्रण कार्ड गांव में बांटकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ईंट लदे ट्रैक्टर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। ट्रैक्टर का पहिया उनके ऊपर चढ़ जाने से घटनास्थल पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे एक पुत्र और तीन पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। जिस घर में शादी की खुशियां और तैयारियां चल रही थीं, वहां इस हादसे के बाद मातम पसर गया है। गांव में भी शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।