शरीर पर उभरे लाल निशान
नहीं होती है सख्त कार्रवाई
देवघर से संवाददाता प्रेम रंजन झा
मोहनपुर: मोहनपुर प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय बलजोरा से एक बेहद शर्मनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां तीसरी कक्षा के मासूम बच्चों पर शिक्षक का कहर टूट पड़ा। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे, एक शिक्षक ने बच्चों की छड़ी से बेरहमी से पीट दिया। डरे और सहमे बच्चे उस वक्त कुछ नहीं बोल सके और दर्द सहते हुए चुपचाप कक्षा में बैठे रहे। लेकिन जब दोपहर करीब 1 बजे बच्चे घर पहुंचे, तो दर्द असहनीय हो गया। उन्होंने रोते हुए अपने परिजनों को पूरी घटना बताई। जब परिजनों ने बच्चों के कपड़े उतारकर देखा, तो उनके होश उड़ गए — बच्चों की पीठ और बांहों पर लाल निशान और सूजन साफ नजर आ रही थी। इसे लेकर बच्चों की परिजन सहित ग्रामीणों में उबाल है। ग्रामीणों ने मामले की छानबीन कर दोषी शिक्षक पर आवश्यक कार्रवाई की जाने की मांग की है।
इतना ही नहीं परिजनों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी इस विद्यालय के शिक्षक के खिलाफ कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन हर बार जांच के नाम पर केवल खानापूर्ति की जाती रही और कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।