आदिवासी एक्सप्रेस संवाददाता
पाटन,(पलामू): पाटन प्रखंड अंतर्गत पालहेकला पंचायत के ग्राम बसदह में गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे हुई बारिश के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से एक भैंस की मौके पर ही मौत हो गई। घटना में पशुपालक शिवबालक यादव को लगभग एक लाख रुपये का आर्थिक नुकसान होने का अनुमान है। जानकारी के अनुसार, शिवबालक यादव अपनी भैंस को खेत में चरा रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदल गया और तेज बारिश के साथ वज्रपात हुआ। बिजली गिरने से उनकी भैंस की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बताया गया कि शिवबालक यादव किसान होने के साथ-साथ पशुपालक भी हैं और उनके परिवार की आजीविका का प्रमुख साधन यही भैंस थी। ऐसे में इस घटना से परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है। घटना की जानकारी मिलने पर जिला परिषद सदस्य संग्राम सिंह ने अंचलाधिकारी एवं पशुपालन विभाग को इसकी सूचना दी। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रावधानों के अनुसार पीड़ित पशुपालक को उचित मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से शीघ्र क्षति का आकलन कर पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
बज्रपात की चपेट में आने से भैंस की मौत, पशुपालक को लगभग एक लाख का नुकसान
