मुंगेर निवासी 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार, बिहार ले जाकर अवैध बिक्री की थी योजना; उत्पाद विभाग को सौंपा गया मामला
-आदिवासी एक्सप्रेस जिला ब्यूरो अजय कुमार कुशवाहा
बरहरवा। रेल मार्ग के माध्यम से हो रही अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को बरहरवा रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 78 बोतल विदेशी शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 23,720 रुपये आंकी गई है। आरोपी शराब को बिहार के मुंगेर ले जाकर अवैध रूप से बेचने की योजना बना रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 12 जुलाई 2026 को विश्वसनीय गुप्त सूचना के आधार पर आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के पर्यवेक्षण में गाड़ी संख्या 09034 अप उधना स्पेशल फेयर एक्सप्रेस में बरहरवा रेलवे स्टेशन पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान सीपीडीएस मालदा टीम एवं आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से संचालित किया गया। टीम में सीपीडीएस मालदा के सहायक उपनिरीक्षक सुरेश पासवान, हेड कांस्टेबल मो. शमीम खान, कांस्टेबल कनैया कुमार एवं राजा यादव तथा आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के सहायक उपनिरीक्षक अजय कुमार हांसदा एवं हेड कांस्टेबल डी.के. मंडल शामिल थे।
करीब 10:40 बजे ट्रेन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर पहुंचने के बाद कोच संख्या एस-10 की गहन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान सीट संख्या-11 के नीचे एक हरे रंग का ट्रॉली बैग तथा एक काले रंग का बैकपैक संदिग्ध अवस्था में रखा मिला। दोनों बैगों की जांच करने पर उनमें भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई।
इसके बाद सीट संख्या-11 पर यात्रा कर रहे युवक से बैगों के संबंध में पूछताछ की गई। प्रारंभ में वह कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे सका, लेकिन सघन पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम प्रेमसागर कुमार (19 वर्ष), पिता जब्बार पासवान, निवासी टोपखाना बाजार, कटघर, थाना कोतवाली, जिला मुंगेर (बिहार) बताया तथा स्वीकार किया कि दोनों बैग उसी के हैं। वह बरामद विदेशी शराब के संबंध में कोई वैध लाइसेंस, परमिट अथवा अन्य अधिकृत दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पूछताछ में आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह मालदा रेलवे स्टेशन से उक्त ट्रेन में सवार हुआ था और विदेशी शराब को जमालपुर रेलवे स्टेशन तक ले जाकर मुंगेर क्षेत्र में अवैध रूप से बेचकर आर्थिक लाभ अर्जित करना चाहता था।
आरपीएफ द्वारा की गई तलाशी में हरे रंग के ट्रॉली बैग से 180 मिलीलीटर की ICONiQ White Whisky की 30 बोतलें तथा 375 मिलीलीटर की Royal Stag Whisky की 24 बोतलें बरामद की गईं। वहीं काले रंग के बैकपैक से 180 मिलीलीटर की Mountain Oak Whisky की 20 बोतलें एवं 750 मिलीलीटर की Blenders Pride Whisky की चार बोतलें बरामद हुईं।
इस प्रकार आरोपी के कब्जे से कुल 78 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 23,720 रुपये है। आरपीएफ ने उपलब्ध गवाहों की उपस्थिति में शराब एवं दोनों बैगों को विधिवत जब्त कर लिया। आरोपी को गिरफ्तारी के आधार एवं उसके कानूनी अधिकारों की जानकारी देने के बाद हिरासत में लिया गया तथा सभी आवश्यक वैधानिक औपचारिकताएं पूरी की गईं।
इसके उपरांत गिरफ्तार युवक एवं जब्त विदेशी शराब को आरपीएफ पोस्ट बरहरवा लाया गया। अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए पूरे मामले की सूचना उत्पाद विभाग, साहिबगंज को दे दी गई है। संबंधित विभाग द्वारा आरोपी के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि रेलवे मार्ग से होने वाली अवैध शराब तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए इस प्रकार के विशेष जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
बरहरवा स्टेशन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, उधना स्पेशल एक्सप्रेस से 78 बोतल विदेशी शराब जब्त
