रामगढ़ /रामजी साह।
रामगढ़। रामगढ़ प्रखंड अंतर्गत ठाड़ीहाट उच्च विद्यालय एवं सरस्वती शिशु विद्या मंदिर ठाडीहाट के बीच स्थित सड़क के किनारे रविवार को एक घायल लकड़बग्घा मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौके पर जुट गए। सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े लकड़बग्घे को देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गई और यह पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लकड़बग्घा गंभीर रूप से घायल था तथा उसके मुंह से लगातार खून बह रहा था। आशंका जताई जा रही है कि किसी तेज रफ्तार चार पहिया वाहन की चपेट में आने से वह घायल हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि घटनास्थल पर दो लकड़बग्घे देखे गए थे, जिनमें से एक दुर्घटना का शिकार होकर घायल हो गया, जबकि दूसरा जंगल की ओर भाग निकला।घटना की सूचना तत्काल रामगढ़ वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वनपाल धनंजय यादव के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक सावधानी बरतते हुए घायल लकड़बग्घे का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया। रेस्क्यू के दौरान वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की भी सलाह दी, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।वनपाल धनंजय यादव ने बताया कि घायल लकड़बग्घे को प्राथमिक उपचार के लिए रेफरल पशु अस्पताल ले जाया जा रहा है। चिकित्सकों की देखरेख में उसका इलाज कराया जाएगा। पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उसे पुनः उसके प्राकृतिक आवास यानी जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया जाएगा।वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी भी जंगली जानवर के घायल होने अथवा आबादी वाले क्षेत्र में आने की सूचना मिले तो स्वयं उसे पकड़ने या परेशान करने का प्रयास न करें, बल्कि तुरंत वन विभाग को सूचित करें। समय पर सूचना मिलने से वन्यजीवों की जान बचाई जा सकती है तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को भी रोका जा सकता है।स्थानीय लोगों ने वन विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते रेस्क्यू किए जाने से घायल वन्यजीव का जीवन बचाया जा सका।
रामगढ़ प्रखंड के ठाडी हाट घायल अवस्था में मिला लकड़बग्घा, वन विभाग ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
