Skip to main content

Birsa Times

दुमका में अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, पांच चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ एक अपराधी गिरफ्तार

दुमका में अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, पांच चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ एक अपराधी गिरफ्तार

आदिवासी एक्सप्रेस ललित कुमार पाल
दुमका।
दुमका जिला पुलिस को जिला अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में हो रही बाइक चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर भीड़भाड़ वाले इलाकों जैसे हाट-बाजारों, बैंकों और अस्पतालों में रखी जा रही विशेष निगरानी के दौरान पुलिस ने एक शातिर अंतरराज्यीय बाइक चोर को रंगे हाथों दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिला अंतर्गत रामपुरहाट थाना क्षेत्र के बामनीग्राम (मोचीपाड़ा) निवासी सहदेव मंडल के 30 वर्षीय पुत्र मिथुन मंडल उर्फ विशु मंडल के रूप में हुई है। पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि गिरफ्तार आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी पश्चिम बंगाल के कई थानों से मोटरसाइकिल चोरी के मामले में जेल जा चुका है।
इस पूरी कार्रवाई की शुरुआत बीते बुधवार, 15 जुलाई 2026 को हुई, जब शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के कुशपहाड़ी हटिया में मिथुन मंडल को मोटरसाइकिल चोरी करने के संदेह में पकड़ा गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने कबूल किया कि वह अपने दो अन्य साथियों के साथ चोरी की नीयत से दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर कुशपहाड़ी हटिया आया था। पुलिस को आते देख उसके दोनों साथी मौके से फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हटिया परिसर से उन दोनों बाइकों को जब्त कर लिया, जो कि चोरी की थीं। इसके बाद पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट थाना अंतर्गत स्थित उसके घर पर छापेमारी की, जहां से चोरी की तीन और मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। इस प्रकार पुलिस ने इस गिरोह के पास से कुल पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें काला-लाल रंग की हीरो सुपर स्प्लेंडर, ग्रे रंग की होंडा सीबी शाइन, ग्रे रंग की होंडा यूनिकॉर्न, ब्लू रंग की होंडा शाइन एसपी और एक काले-ब्लू रंग की पैशन प्रो शामिल है।
पुलिसिया जांच और सत्यापन में यह स्पष्ट हुआ है कि बरामद की गई ये सभी मोटरसाइकिलें दुमका मुफ्फसिल थाना, नाला थाना, सिवड़ी थाना और धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र से चुराई गई थीं, जिनके संबंध में संबंधित थानों में पहले से ही प्राथमिकी दर्ज है। इस ताजा मामले को लेकर शिकारीपाड़ा थाने में दिनांक 16 जुलाई 2026 को कांड संख्या 75/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2), 62, 317(2) और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस सफल छापेमारी अभियान को अंजाम देने वाली टीम में दुमका सदर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप खालखो, शिकारीपाड़ा के थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक अमित कुमार लकड़ा, गोपीकान्दर के थाना प्रभारी सुमित भगत, शिकारीपाड़ा थाने के पुलिस अवर निरीक्षक अशीष कुमार भारद्वाज व मुनाजीर हसन, नगर थाना दुमका के पुलिस अवर निरीक्षक उदित बेदिया व संतोष कुमार, सहायक अवर निरीक्षक कुमोद यादव सहित शिकारीपाड़ा, नगर और गोपीकान्दर थाने के रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *