
क्राइम संवाददाता द्वारा
जमशेदपुर :जमशेदपुर के बालीगुमा में करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष विनय सिंह की हत्या से इलाके में तनाव का माहौल है। विनय उलीडीह थाना क्षेत्र के आस्था स्पेस टाउन में रहते थे। डिमना चौक पर उनकी टाइल्स की दुकानें हैं। हत्या के बाद काफी बवाल देखने को मिला। घटना से नाराज विनय सिंह के समर्थकों ने डिमना चौक के पास एनएच-33 को जाम कर दिया। इससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात ठप हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल व अन्य सबूतों के आधार पर जांच कर रही है।
जांच, पुलिस पूछताछ और तमाम जानकारियों के मुताबिक इस घटना के संबंध में अलग अलग खुलासे हो रहे हैं। विनय सिंह की हत्या का कारण गोविंदपुर के बिल्ला पाठक से करीबी होना बताया जा रहा है। जमशेदपुर पुलिस ने कहा कि झारखंड के जमशेदपुर में रविवार शाम करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष विनय सिंह का शव बरामद हुआ, उनके सिर पर गोली लगी थी और बाएं हाथ में पिस्तौल थी। कल सुबह से ही वे संपर्क में नहीं थे। शिकायत के बाद उनके मोबाइल लोकेशन का पता लगाया गया और शव बरामद किया गया। सभी संभावित एंगल से जांच की जा रही है। सूत्रों का कहना है कि एक महीने से विनय सिंह, बिल्ला पाठक के करीब थे और यह माना जा रहा है कि बिल्ला पाठक का प्रतिद्वंद्वी गैंग, जिसका सरगना माशूक मनीष है, इस घटना को अंजाम देने में शामिल हो सकता है।मौका-ए-वारदात पर कई लोग इस हत्याकांड में माशूक मनीष गिरोह के शामिल होने की बात कह रहे थे। सूत्रों का कहना है कि एक महीने से विनय सिंह की रेकी की जा रही थी और इसकी जानकारी विनय सिंह को भी थी।