Birsa Times

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने स्वयं भरा एसआईआर प्रपत्र, जनता से की अभियान में जुड़ने की अपील

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने स्वयं भरा एसआईआर प्रपत्र, जनता से की अभियान में जुड़ने की अपील

रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने लोकतंत्र की मजबूती में अपनी भागीदारी निभाते हुए एक बड़ा संदेश दिया है। गुरुवार को रांची के कांके स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में एसआईआर अभियान के तहत उन्होंने स्वयं अपना एन्यूमरेशन प्रपत्र भरकर जमा किया।

निर्वाचन अधिकारियों की उपस्थिति में 64-हटिया विधानसभा क्षेत्र के बूथ नम्बर-290 की बीएलओ ने मुख्यमंत्री से यह फॉर्म भरवाने की प्रक्रिया पूरी की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की धर्मपत्नी और विधायक कल्पना सोरेन ने भी सक्रियता दिखाते हुए अपना प्रपत्र खुद भरा और जमा किया।

प्रपत्र भरने के बाद मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने झारखंड के सभी नागरिकों और पात्र मतदाताओं से समय सीमा के भीतर इस प्रक्रिया को पूरा करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि मतदान का अधिकार सुरक्षित रखना हर नागरिक की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

उन्होंने जोर देकर कहा, प्रत्येक नागरिक की लोकतांत्रिक भागीदारी ही हमारे लोकतंत्र की असली ताकत है। एक शुद्ध और अपडेटेड मतदाता सूची ही स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव की बुनियाद होती है।

मुख्यमंत्री ने आम जनता से इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि लोग न सिर्फ खुद अपना एसआईआर प्रपत्र भरें, बल्कि अपने परिवार, आस-पड़ोस और समाज के अन्य योग्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें ताकि कोई भी जागरूक नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम सत्यापित कराने से न छूटे।

इस खास मौके पर रांची के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, ईआरओ-सह-एडीएम धनंजय, उप निर्वाचन पदाधिकारी विवेक कुमार सुमन और बीएलओ वेरोनिका देवी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *