संवाद सूत्र, हंसडीहा( दुमका)। हंसडीहा–गोड्डा रेल लाइन पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में ट्रेन से कटकर दो युवकों की मौत हो गई। घटना हंसडीहा थाना क्षेत्र के बबनखेता और चोरबटीया गांव के समीप की बताई जा रही है।
दोनों युवकों के शव रेलवे ट्रैक पर अलग-अलग स्थानों पर पड़े मिले, जिनके बीच की दूरी करीब एक किलोमीटर बताई जा रही है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों युवक एक ही ट्रेन से कटे हैं या अलग-अलग ट्रेनों से हादसा हुआ है।
घटना की सूचना मिलने के बाद हंसडीहा थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। दोनों मृतकों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
पुलिस आसपास के क्षेत्रों व ग्रामीणों से जानकारी जुटाकर शवों की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि सुबह पांच बजे सूचना मिली थी कि रेलवे ट्रैक पर शव पड़ा है। संभवतः एक ही ट्रेन से दोनों की मौत हुई है।
पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच शव का पंचनामा कर एक घंटे में शव को लेकर हंसडीहा पहुंची ही थी कि पुनः सूचना मिली कि उसी ट्रैक पर करीब एक किलोमीटर आगे एक दूसरा शव भी पड़ा है।