संतोष कुमार दास
चतरा। हंटरगंज प्रखंड के दंतार गांव में शनिवार की अहले सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दंतार स्थित राजकीय बुनियादी विद्यालय के समीप एक एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर विद्युत ट्रांसफार्मर के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एम्बुलेंस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।हादसे में चालक और एम्बुलेंस में सवार मरीज बाल-बाल बच गए। मरीजों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एम्बुलेंस गया के मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल से एक मरीज को तेलियौना गांव छोड़ने के बाद दो अन्य मरीजों को लेकर वापस गया जा रही थी। इसी दौरान दंतार गांव स्थित राजकीय बुनियादी विद्यालय के पास चालक को झपकी आ गई, जिससे एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर ट्रांसफार्मर के खंभे से टकरा गई।हादसे के बाद घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य में जुट गए।संयोगवश ट्रांसफार्मर से करंट प्रवाहित नहीं हो रहा था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
दंतार में ट्रांसफार्मर के खंभे से टकराई एम्बुलेंस, बाल-बाल बचे चालक व मरीज
