Birsa Times

जमीन पर बैठकर पढ़ाई की खबर के बाद हरकत में शिक्षा विभाग, डीईओ के औचक निरीक्षण में मिलीं कई खामियां

जमीन पर बैठकर पढ़ाई की खबर के बाद हरकत में शिक्षा विभाग, डीईओ के औचक निरीक्षण में मिलीं कई खामियां

आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो साहिबगंज
अजय कुमार कुशवाहा
बरहरवा/साहिबगंज।
जिले के कोटालपोखर स्थित प्लस टू उच्च विद्यालय में छात्रों को जमीन पर बैठाकर पढ़ाई कराने की खबर सामने आने के बाद शिक्षा विभाग सक्रिय हो गया। बुधवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) नयन कुमार ने विद्यालय का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं उजागर होने पर उन्होंने प्रधानाध्यापक के विरुद्ध कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान डीईओ सबसे पहले उन कक्षाओं में पहुंचे, जहां छात्र – छात्राएं जमीन पर बैठकर पढ़ाई कर रहे थे। उन्होंने इस व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों और कक्षाओं की स्थिति का भी निरीक्षण किया। इसके बाद शिक्षकों की उपस्थिति, कक्षाओं के संचालन, पठन – पाठन की व्यवस्था और विद्यालय के अन्य प्रशासनिक पहलुओं की विस्तार से जांच की गई। जांच के दौरान डीईओ ने प्रधानाध्यापक दिनेश कुमार से सवाल किया कि विद्यालय में कुल 14 कमरे उपलब्ध होने के बावजूद केवल 8 कमरों में ही कक्षाएं क्यों संचालित की जा रही हैं। इस पर प्रधानाध्यापक ने शिक्षकों की कमी को कारण बताया। प्रधानाध्यापक के इस जवाब से असंतुष्ट डीईओ नयन कुमार ने कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि विद्यालय में 16 नियमित शिक्षक और 2 अतिरिक्त शिक्षक कार्यरत हैं। ऐसे में शिक्षक की कमी का तर्क स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित करना विद्यालय प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसमें लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीईओ ने कहा कि निरीक्षण के दौरान विद्यालय में कई प्रशासनिक और शैक्षणिक कमियां सामने आई हैं। सभी बिंदुओं पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर आवश्यक विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों और अभिभावकों का कहना है कि विद्यालय में लंबे समय से व्यवस्था संबंधी समस्याएं बनी हुई हैं। अब जिला शिक्षा पदाधिकारी के निरीक्षण और कार्रवाई के बाद विद्यालय की व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *