Birsa Times

श्रावणी मेला 2026 के लिए 14 करोड़ मंजूर, बैद्यनाथधाम-बासुकीनाथ में बढ़ेंगी सुविधाएं

श्रावणी मेला 2026 के लिए 14 करोड़ मंजूर, बैद्यनाथधाम-बासुकीनाथ में बढ़ेंगी सुविधाएं

रांची: झारखंड सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में आयोजित होने वाले श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर बड़ा फैसला लिया है। राज्य सरकार ने बाबा बैद्यनाथधाम-बासुकीनाथ तीर्थ क्षेत्र विकास प्राधिकरण को 14 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस राशि का उपयोग देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथधाम और दुमका के बासुकीनाथधाम में श्रावणी मेले के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में किया जाएगा।

सरकारी आदेश के अनुसार, स्वीकृत राशि से तीर्थस्थलों पर बुनियादी सुविधाओं का विस्तार, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित दर्शन का लाभ मिल सके।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि 14 करोड़ रुपये की राशि की निकासी दुमका जिला कोषागार से होगी। संथाल परगना प्रमंडल के आयुक्त-सह-मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमित कुमार को राशि की निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि सभी खर्च वित्तीय नियमों के अनुरूप किए जाएंगे और किसी भी स्थिति में अग्रिम निकासी की अनुमति नहीं होगी। कार्य पूर्ण होने के बाद उपयोगिता प्रमाण पत्र महालेखाकार, झारखंड को निर्धारित समय पर भेजना अनिवार्य होगा।

गौरतलब है कि इससे पहले वर्ष 2024 में इसी मद में 9.97 करोड़ रुपये जारी किए गए थे, जिसका उपयोगिता प्रमाण पत्र विभाग को प्राप्त हो चुका है। सरकार का मानना है कि इस बजट से श्रावणी मेला 2026 का आयोजन अधिक सुव्यवस्थित होगा और लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *