Birsa Times

बुढ़मू थाना में जन शिकायत समाधान शिविर, ग्रामीण एसपी व थाना प्रभारी ने त्वरित सुनी फरियादें

बुढ़मू थाना में जन शिकायत समाधान शिविर, ग्रामीण एसपी व थाना प्रभारी ने त्वरित सुनी फरियादें

राँची। आम जनता की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को बुढ़मू थाना परिसर में जन शिकायत समाधान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीण पुलिस अधीक्षक गौरव गोस्वामी मुख्य रूप से उपस्थित हुए। उनके साथ पुलिस उपाधीक्षक राम नारायण चौधरी, बुढ़मू थाना प्रभारी नवीन कुमार शर्मा तथा ठाकुरगांव थाना प्रभारी शुभम कुमार ने भी लोगों की शिकायतें सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन कराया। कार्यक्रम में बुढ़मू एवं ठाकुरगांव थाना क्षेत्र से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और भूमि विवाद, आपसी विवाद, सुरक्षा तथा अन्य जनसमस्याओं से संबंधित आवेदन पुलिस अधिकारियों को सौंपे। अधिकारियों ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए निष्पक्ष एवं समयबद्ध कार्रवाई का भरोसा दिलाया। ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार इस प्रकार के जन शिकायत समाधान कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाएंगे। इसकी सूचना पूर्व में समाचार पत्रों एवं सोशल मीडिया के माध्यम से आम जनता तक पहुंचाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि “आपकी समस्या हमारी प्राथमिकता है। प्रत्येक शिकायत को ध्यानपूर्वक सुना जाएगा, उसकी निष्पक्ष जांच होगी और निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।” उन्होंने आम नागरिकों से कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव भी देने की अपील की।

शिकायत दर्ज कराने के कई विकल्प
ग्रामीण एसपी ने बताया कि नागरिक अपनी शिकायत सीधे थाना परिसर में आकर दर्ज करा सकते हैं, इसके अलावा फोन कॉल या व्हाट्सएप नंबर 9431706190 के माध्यम से भी शिकायत भेजी जा सकती है। थाना परिसर में स्थापित शिकायत पेटिका में आवेदन डालकर भी शिकायत दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध है। पुलिस अधिकारियों ने विश्वास दिलाया कि जनसहभागिता और पारदर्शी कार्यप्रणाली के माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर पुलिस-जनता के बीच विश्वास और संवाद को और मजबूत बनाया जाएगा।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *