Birsa Times

डटमी निवासी कैलाश यादव हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

डटमी निवासी कैलाश यादव हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी
-जमीन विवाद में लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हुई थी हत्या
आदिवासी एक्सप्रेस / संतोष कुमार दास
चतरा :
चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र के डटमी गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विलाश यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। वहीं इस हत्याकांड में नामजद अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।जानकारी के अनुसार, बीते 7 जुलाई को डटमी गांव में वर्षों से चले आ रहे जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया था। विवादित खेत की जुताई के दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान कैलाश यादव पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल कैलाश यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल फैल गया था।घटना की सूचना मिलते ही हंटरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चतरा भेजा। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक की पुत्री पूजा कुमारी के लिखित आवेदन के आधार पर छह लोगों के विरुद्ध हत्या सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष छापेमारी अभियान चलाया और मुख्य आरोपी विलाश यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने बुधवार दोपहर बताया कि इस हत्याकांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।उन्होंने स्पष्ट कहा कि हत्याकांड में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। सभी आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य के आधार पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को फरार आरोपियों के संबंध में कोई सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को जानकारी दें, ताकि जल्द से जल्द उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।इस कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक विपिन कुमार, अवर निरीक्षक नितेश कुमार प्रसाद, अवर निरीक्षक भोला साह सहित हंटरगंज थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चला रही है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *