सबहेडलाइन:
दो दिन से लापता था युवक, पुलिस जांच में जुटी
कृष्णा गोस्वामी
देवघर (जसीडीह):
देवघर के जसीडीह थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक का शव संदिग्ध हालत में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना जसीडीह मेन रोड के पास स्थित एक पुलिया के नीचे की है।
मृतक की पहचान बधनाडीह निवासी बिनोद रजक के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, बिनोद रजक बीते दो दिनों से घर से लापता थे। शुक्रवार को उनका शव पुलिया के नीचे बरामद किया गया। मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष बताई जा रही है।
अचानक इस तरह शव मिलने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं इलाके में भी दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों की सूचना पर जसीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। मौत के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है, जिसमें हत्या और दुर्घटना दोनों संभावनाओं से इनकार नहीं किया गया है।
