सौरभ भगत
अमड़ापाड़ा-प्रखंड क्षेत्र के बासमती गांव से एक 19 वर्षीय युवक संदीप कुमार यादव संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है।बीते छह दिनों से उसका कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों में कोहराम मचा है।पिता रमेश प्रसाद यादव ने अमड़ापाड़ा थाने में लिखित आवेदन देकर बेटे की सुरक्षित बरामदगी की गुहार लगाई है।पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी जांच शुरू कर दी है।परिजनों के अनुसार संदीप बीते शुक्रवार 3 अप्रैल को सुबह करीब 8 बजे घर से काम पर जाने की बात कहकर निकला था।वह राजा गैरेज के समीप स्थित सहबाज के गैरेज में प्रतिदिन इलेक्ट्रिशियन का काम सीखने जाता था।अनूमन वह शाम तक घर लौट आता था,लेकिन शुक्रवार को देर शाम तक वापस नहीं आने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। पिता ने जब उसके मोबाइल पर संपर्क करना चाह तो फोन स्विच ऑफ मिला। इसके बाद परिवार के लोग अनहोनी की आशंका से परेशान हो उठे।हैरानी की बात यह है कि जब परिजनों ने गैरेज में जाकर पूछताछ की,तो पता चला कि संदीप उस दिन काम पर पहुंचा ही नहीं था।परिजनों ने अपने स्तर से सभी नाते-रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर काफी खोजबीन की,लेकिन सफलता नहीं मिली।मूल रूप से बिहार के बांका जिले के कटोरिया थाना क्षेत्र का रहने वाला यह परिवार पिछले 20 वर्षों से अमड़ापाड़ा के बासमती में रह रहा है।युवक के अचानक गायब होने से उसकी मां का रो-रोकर बुरा हाल है।मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर अनूप रोशन भेंगरा ने बताया कि युवक के लापता होने के संबंध में आवेदन प्राप्त हुआ है और पुलिस गहनता से छानबीन कर रही है।उन्होंने बताया कि मामले की तह तक जाने के लिए लापता युवक के मोबाइल का सीडीआर (कॉल डिटेल रिकॉर्ड) मंगवाया गया है।सीडीआर रिपोर्ट आने के बाद ही युवक के अंतिम लोकेशन और वह किसके संपर्क में था,इसके बारे में पुख्ता जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर युवक की तलाश में जुटी है।
लापता युवक का छह दिन बीत जाने के बाद भी नहीं मिला कोई सुराग,पुलिस खंगाल रही सीडीआर
