न्‍यूनतम आय गारंटी पर शिवराज बोले दुनिया के सबसे बड़े झूठे हैं राहुल

एजेंसी के द्वारा, गरीबों को लेकर राहुल गांधी की न्यूनतम आय गारंटी स्कीम पर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने निशाना साधते हुए उन्हें दुनिया का सबसे बड़ा झूठा इंसान बताया। राहुल गांधी की गरीब परिवारों को हर साल 72 हजार रुपए देने की घोषणा पर निशाना साधते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वही राहुल गांधी हैं, जिन्होंने कहा था कि विधानसभा चुनाव में जीतने पर रिजल्ट आने के 10 दिनों के अंदर किसानों का 2 लाख तक कर्ज माफ करेंगे, नहीं तो 11वें दिन मुख्यमंत्री बदल देंगे।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा अब तक न तो किसानों का कर्ज माफ हुआ और न मुख्यमंत्री बदले गए। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा मध्य प्रदेश में अब तक तो 10 मंत्री बदल जाने चाहिए थे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। राहुल गांधी की कर्ज माफी की बात ढकोसला थी। ये चुनाव आने पर जनता को झूठे सपने दिखाते हैं। आजादी के बाद से देश में सबसे लंबे समय तक कांग्रेस की सरकार थी। 1971 में इंदिरा गांधी ने नारा दिया था गरीबी हटाओ गरीबी हटी क्या? ये रंगीन सपने दिखाते हैं, लेकिन रंगीन सपने कभी साकार नहीं होते।

कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा कि ‘वोट बैंक की राजनीति के लिए जनता को मुंगेरीलाल की तरह झूठे सपने दिखाए जा रहे हैं। मैं खुद निकलूंगा और दुनिया को बताऊंगा कि किसान कर्ज माफी के लिए 56 हजार करोड़ चाहिए थे, अभी तो 5 हजार करोड़ तक का भी कर्ज माफ नहीं हुआ। झूठे वादे करते हैं, झूठ बोलने की आदत है इनकी। जनता को मूर्ख समझने वाले, जनता वेबकूफ नहीं है। जनता जल्द ही जवाब देगी।

Related posts

Leave a Comment