रांची जिला परिषद उपाध्यक्ष वीणा चौधरी के नेतृत्व में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा को लेकर जिला परिषद भवन में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला परिषद भवन की बदहाल व्यवस्था को लेकर सदस्यों ने कड़ी नाराजगी जताई और जल्द सुधार की मांग की।
बैठक को संबोधित करते हुए उपाध्यक्ष वीणा चौधरी ने कहा कि जिला परिषद जैसे महत्वपूर्ण संस्थान के भवन में मूलभूत सुविधाओं का अभाव बेहद चिंताजनक है। उन्होंने अधिकारियों से इस दिशा में शीघ्र कार्रवाई करने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि अधिकांश आंगनबाड़ी केंद्र जर्जर स्थिति में हैं या किराए के भवनों में संचालित हो रहे हैं। राज्य सरकार को जर्जर आंगनबाड़ी केंद्रों की मरम्मत करानी चाहिए और जहां किराए पर केंद्र चल रहे हैं वहां स्थायी भवन का निर्माण कराया जाना चाहिए।
बैठक में चान्हो पश्चिमी के जिला परिषद सदस्य मोहम्मद आदिल अजीम ने कहा कि समाज कल्याण विभाग में नीचे से लेकर ऊपर तक भ्रष्टाचार व्याप्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई आंगनबाड़ी केंद्र नियमित रूप से नहीं खुलते हैं और शिकायत के बावजूद निरीक्षण नहीं किया जाता। उन्होंने मांग की कि जनप्रतिनिधियों को भी आंगनबाड़ी केंद्रों के निरीक्षण में शामिल किया जाए।
जिला परिषद भवन की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि यहां सदस्यों के बैठने की समुचित व्यवस्था तक नहीं है और न ही अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। ऐसी स्थिति में सदस्यों को अपने कार्यों के निष्पादन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर भवन की व्यवस्था में सुधार और कार्य में प्रगति नहीं हुई तो सभी जिला परिषद सदस्य धरना पर बैठेंगे।
बैठक में किस्को नवी के जिला परिषद सदस्य पूनम देवी ने भी कई आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी तथा कई केंद्रों की जर्जर स्थिति पर चिंता व्यक्त की।
इस बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, बेड़ो की जिला परिषद सदस्य बोरोनिका उरांव, मांडर पूर्व, नामकुम, सिल्ली पूर्वी, ओरमांझी पश्चिम, अनगड़ा पश्चिम, तमाड़ मध्य, खलारी और नगड़ी के जिला परिषद सदस्य, साथ ही अनगड़ा, नगड़ी, सोनाहातू, रातू, नामकुम, चान्हो और मांडर के सीडीपीओ तथा महिला पर्यवेक्षिकाएं भी मौजूद थीं।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने एकजुट होकर भवन व्यवस्था में सुधार और आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति सुधारने की मांग की, ताकि जिला परिषद का कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सके।
रांची जिला परिषद भवन की बदहाल व्यवस्था पर फूटा सदस्यों का गुस्सा, सुधार की मांग*
