Birsa Times

सैकड़ों लोगों की जान जोखिम में:बेलहारा पुल बना हादसे का इंतजार करता जर्जर ढांचा

सैकड़ों लोगों की जान जोखिम में:बेलहारा पुल बना हादसे का इंतजार करता जर्जर ढांचा

पांडू- छतरपुर के मुख्य मार्ग पर बने पुल का हाल बेहाल

दीपक यादव

पांडू,पलामू। जिले के पांडू प्रखंड अंतर्गत बेलहारा गांव में स्थित पुल इन दिनों लोगों के लिए खतरे का पर्याय बन गया है।जर्जर हालत में पहुंच चुका यह पुल किसी बड़े हादसे को खुला निमंत्रण दे रहा है,लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक पूरी तरह उदासीन नजर आ रहा है।ग्रामीणों के अनुसार,वर्ष 2024 में हुई भारी बारिश के दौरान पुल को गंभीर नुकसान पहुंचा था।उस समय पुल के दो पिलरों में गहरी और चौड़ी दरारें पड़ गई थीं,जो आज भी जस की तस बनी हुई हैं।हालात इतने खराब हैं कि पुल के पिलर अब खुलकर फट चुके हैं और पूरी संरचना कमजोर हो गई है।सबसे चिंताजनक बात यह है कि इतनी खतरनाक स्थिति के बावजूद इस पुल से भारी वाहनों का आवागमन लगातार जारी है।प्रतिदिन बसें,हाईवा,ट्रैक्टर और अन्य मालवाहक वाहन इसी पुल से गुजर रहे हैं।हर बार जब कोई भारी वाहन पुल पार करता है,तो आसपास मौजूद लोगों की सांसें थम जाती हैं।यह पुल वर्ष 2006 में बनाया गया था और लगभग दो दशक बाद अब इसकी स्थिति बेहद जर्जर हो चुकी है।इसके बावजूद न तो किसी विभागीय अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया है और न ही मरम्मत की दिशा में कोई ठोस कदम उठाया गया है।स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पुल से प्रतिदिन सैकड़ों लोगों का आवागमन होता है,जिनमें स्कूली बच्चे,यात्री बसें और रोजमर्रा के कामकाज के लिए आने-जाने वाले लोग शामिल हैं।पुल की मौजूदा स्थिति को देखकर ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पुल की तत्काल तकनीकी जांच कराई जाए और जल्द से जल्द मरम्मत कार्य शुरू किया जाए।साथ ही,जब तक पुल को पूरी तरह सुरक्षित घोषित नहीं किया जाता,तब तक भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाई जाए।अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या संबंधित विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है?

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *