गरीब दैनिक मजदूर, किसान व कुछ संभ्रांत लोग भी हो चुके हैं लांटरी खेलने के आदी,दिनभर की गाढ़ी कमाई लुटा रहे मजदूर वर्ग के लोग
रामगढ़(दुमका)
रिपोर्ट – बजरंग अग्रवाल
झारखंड सरकार द्वारा किसी भी प्रकार के लांटरी टिकट की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने के बावजूद रामगढ़ अंचल क्षेत्र में इन दिनों अवैध लाॅटरी का धंधा खुलेआम जारी है। क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में प्रतिदिन सुबह 7 बजे से ही लाटरी का अवैध कारोबार शुरू हो जाता है| रामगढ़ चौक, ब्लाक रोड स्थित टेंपो स्टेंड, मछली बाजार, सारमी , ब्लाक, गम्हरियाहाट सहित विभिन्न जगहों पर लाटरी बेचने खरीदने का सिलसिला शुरू हो जाता है।
खासकर दैनिक मजदूर, किसान से लेकर रामगढ़ के कुछ संभ्रांत लोग भी लाटरी खेलने के आदि हो चुके हैं। नागालैंड स्टेट लाटरी के नाम पर जाली लाटरी टिकट बेचकर इस सिंडिकेट में शामिल लोग मालामाल हो रहे हैं, वहीं लाटरी खेलने के आदि हो चुके गरीब, मजदूर किसान लखपति बनने के चक्कर में अपनी गाढ़ी कमाई लुटा रहे है। बता दें कि रामगढ़ में प्रतिदिन दुमका, नोनीहाट, सिंदुरिया, महारो सहित विभिन्न जगहों से हाॅकर लाटरी बेचने रामगढ़ पहुंचते है। रामगढ़ में प्रतिदिन तीन शिफ्ट में लाखों रुपए के लाटरी का खेल होता है। प्रशासन के द्वारा अगर जल्द ही इस अवैध कारोबार में नकेल नहीं कसा गया तो सैकड़ों गरीब परिवार रातों रात अमीर बनने के चक्कर में बर्बाद हो जाएंगे|
