कृष्णा गोस्वामी
देवघर। देवघर पुलिस नागरिकों की सुरक्षा और सेवा में हमेशा तत्पर नजर आती है। इसी क्रम में ट्रैफिक जवान रियासत अंसारी ने अपनी ईमानदारी और जिम्मेदारी से एक बार फिर पुलिस की सकारात्मक छवि को मजबूत किया है।
देवघर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होती है। इसी बीच शुक्रवार सुबह एक सराहनीय घटना सामने आई, जब पूजा करने के बाद एक महिला टोटो से अपने गंतव्य की ओर जा रही थी, लेकिन जल्दबाजी में वह अपना सामान टोटो में ही भूल गई।
मामले की जानकारी मिलते ही ट्रैफिक ड्यूटी में तैनात जवान रियासत अंसारी ने तत्परता दिखाते हुए सामान की जांच की, जिसमें एक मोबाइल फोन मिला। मोबाइल के माध्यम से महिला से संपर्क स्थापित किया गया और उन्हें DTO कार्यालय बुलाया गया। वहां पूरे सम्मान के साथ उनका खोया हुआ सामान वापस किया गया।
अपना सामान सुरक्षित वापस पाकर महिला ने खुशी जाहिर की और देवघर पुलिस का आभार व्यक्त किया। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि देवघर पुलिस न केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने में, बल्कि मानवता और सेवा भाव में भी अग्रणी है।
देवघर: ट्रैफिक जवान रियासत अंसारी ने पेश की ईमानदारी की मिसाल, महिला को लौटाया खोया सामान
