पीएनबी घोटाले का आरोपी भगोड़ा नीरव मोदी गिरफ्तार

पीएनबी को 13,500 करोड़ रुपये का चूना लगाकर विदेश भागे हीरा कारोबारी नीरव मोदी को लंदन के होलबोर्न से गिरफ्तार कर लिया गया है। दो दिन पहले ही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के प्रत्यर्पण अनुरोध पर लंदन की वेस्टमिंस्टर कोर्ट ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।नीरव की गिरफ्तारी को भारत सरकार के लिए बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। इसके बाद यह उम्मीद जगी है कि उसे भारत प्रत्यर्पित किया जा सकता है। देश के सबसे बड़े बैंकिंग घोटाले में ईडी और सीबीआई को उसकी तलाश है।

गिरफ्तारी के बाद नीरव को लंदन की वेस्टमिंस्टर कोर्ट में चीफ मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। अब इस केस की अगली सुनवाई 29 मार्च को होगी। बताते चलें कि नीरव जनवरी, 2018 में भारत से फरार हो गया था।

इसके बाद भारत सरकार ने उसका पासपोर्ट रद्द कर दिया था। फरार होने के कुछ महीने बाद से ही वह ब्रिटेन में रहा है। भारत ने पिछले साल अगस्त में ब्रिटेन सरकार से 48 वर्षीय नीरव को प्रत्यर्पित करने की मांग की थी।

हाल में उसे लंदन की सड़कों पर बेखौफ घूमते देखा गया था। सूत्रों का कहना है कि नीरव का मामला भगोड़े शराब कारोबारी विजय माल्य के केस की तरह ही चलेगा। माल्या को भी लंदन में 2017 में गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, कुछ ही देर में उसे जमानत मिल गई थी।

बुधवार को मुंबई की विशेष अदालत ने ईडी को नीरव की 173 महंगी पेंटिंग्स और 11 लग्जरी कारों को बेचने की मंजूरी दे दी है। पेंटिंग्स की कीमत 57.72 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा कोर्ट ने 68 और पेंटिंग्स नीलाम करने की इजाजत दी है।

मुंबई की अदालत ने हाल ही में नीरव की पत्नी एमी के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया है। इससे पहले पीएनबी घोटाले में ईडी ने नई चार्जशीट दायर की थी। इसमें पहली बार एमी का नाम भी शामिल करते हुए उसे आरोपी बनाया गया है।

पीएनबी घोटाला सामने आने से पहले ही नीरव और उसका मामा मेहुल चोकसी भारत से फरार हो चुके थे। ईडी मनी लॉन्ड्रिंग कानून के तहत अब तक नीरव की 1873.08 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर चुकी है। नीरव और उसके परिवार से जुड़ी 489.75 करोड़ की संपत्ति भी जब्त की जा चुकी है।

हालिया मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, नीरव लंदन के वेस्ट एंड इलाके में 72 करोड़ रुपये के अपार्टमेंट में रह रहा है। इसके लिए हर महीने 15.5 लाख रुपये किराया चुका रहा है। वह हीरे का बिजनेस भी कर रहा। 

Related posts

Leave a Comment