कोडरमा। होली फैमिली एक यूनिट सेवा सदन के तत्वावधान में कोडरमा जिला अंतर्गत मसनोडिह पंचायत के आंगनबाड़ी केंद्र में एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य विषय मानव तस्करी की रोकथाम एवं महिला एवं बच्चों के कानूनी अधिकार रहा।
कार्यक्रम में अधिवक्ता के रूप में कुमार गौतम (कर्ण) ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मानव तस्करी के बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त की और इससे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कैसे जागरूकता, सतर्कता और कानूनी जानकारी के माध्यम से इस गंभीर अपराध पर रोक लगाई जा सकती है। साथ ही उन्होंने महिला एवं बच्चों के अधिकारों, सुरक्षा कानूनों तथा सहायता के लिए उपलब्ध कानूनी प्रावधानों पर भी प्रकाश डाला।
कार्यशाला में मसनोडिह पंचायत की मुखिया पुष्पा देवी, मसनोडिह निवासी परिजात सिंह , रंजन राय सिंह औऱ आंगनबाड़ी केंद्र की संयोजिका पूनम देवी ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए महिलाओं और बच्चों को आत्मनिर्भर एवं जागरूक बनने का संदेश दिया। वहीं होली फैमली यूनिट सेवा सदन की सहायिका सिस्टर रिया,संस्था के सहायक दिलीप कुमार पांडेय, फ़्रांशीष मुर्मू ,सन्नी कुमार,अमर कुमार पांडेय सहित अन्य उपस्थित लोगों ने भी इस विषय पर अपने अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से समझाया गया कि किस प्रकार मानव तस्कर लोगों को झांसे में लेकर उनका शोषण करते हैं और इससे कैसे बचा जा सकता है। साथ ही हेल्पलाइन नंबर और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
इस कार्यशाला में स्थानीय ग्रामीणों, महिलाओं एवं युवाओं की सक्रिय भागीदारी रही। अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
मसनोडिह पंचायत में मानव तस्करी रोकथाम व अधिकारों पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित
