Birsa Times

आंधी-तूफान में पोल गिरा, महिला की मौत, मुआवजे को लेकर सड़क जाम

आंधी-तूफान में पोल गिरा, महिला की मौत, मुआवजे को लेकर सड़क जाम

कुबेर सिंह
विष्णुगढ़ । बुधवार को आए तेज आंधी-तूफान ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। बनासो साप्ताहिक हाट बाजार में हुई एक दर्दनाक घटना में बिजली का पोल गिरने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल उत्पन्न हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बक्सपुरा निवासी करीब 50 वर्षीय सोहगी देवी, पति गंधोरी महतो, बाजार में प्याज बेचने आई थीं। इसी दौरान अचानक तेज हवा और बारिश के बीच बिजली का पोल उनके ऊपर गिर पड़ा, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। आक्रोशित लोगों ने शव को उठाने से इंकार करते हुए सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके कारण गोमिया–बनासो मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतार लग गई।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। उनका कहना था कि पोल की संरचना मानकों के अनुरूप नहीं थी, उसमें लोहे की छड़ का अभाव था, जिसके कारण वह बीच से टूटकर गिर गया। लोगों का आरोप है कि यदि निर्माण गुणवत्ता सही होती, तो इस प्रकार की घटना टाली जा सकती थी।
सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी नित्यानंद दास मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकारी प्रावधानों के तहत मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाया जाएगा।
वहीं, बिजली विभाग के कनीय अभियंता प्रदीप प्रजापति ने बताया कि विभागीय पदाधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और ग्रामीणों के साथ वार्ता जारी है। मुआवजे को लेकर अंतिम निर्णय वार्ता के बाद ही लिया जाएगा।
समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था। इसके अतिरिक्त, आंधी-तूफान के कारण बनासो चौक पर एक पेड़ की डाल गिरने से एक कार भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे संपत्ति का भी नुकसान हुआ।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *