Birsa Times

जमशेदपुर में बेखौफ अपराधियों का तांडव: सिदगोड़ा में युवक पर चापड़ से जानलेवा हमला, 10 हजार लूटकर फरार

जमशेदपुर में बेखौफ अपराधियों का तांडव: सिदगोड़ा में युवक पर चापड़ से जानलेवा हमला, 10 हजार लूटकर फरार

जमशेदपुर। लौहनगरी जमशेदपुर में बेखौफ अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद हैं और शहर में चापड़बाजी की खौफनाक वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा सनसनीखेज मामला सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत सूर्य मंदिर के पास स्थित टाउन हॉल का है, जहाँ रविवार देर रात बेखौफ बदमाशों ने दो युवकों पर धारदार चापड़ से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में बारीडीह निवासी अभिषेक गिरी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अजय रविदास भी चोटिल हुआ है। लहूलुहान अभिषेक का इलाज टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में चल रहा है।

पीड़ित अभिषेक के अनुसार, वह मानगो क्षेत्र से रोजाना की तरह डेली कलेक्शन का काम निपटाकर घर लौट रहा था। सूर्य मंदिर के पास जब वह एक परिचित से फोन पर बात कर रहा था, तभी आरोपी अमित सिंह, अभिषेक सिंह, रितिक सिंह और दीपू ने उस पर अचानक चापड़ से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल होकर गिर जाने के बाद आरोपी उसे जबरन पास की झाड़ियों की ओर घसीटने लगे।

शोर मचने पर जब स्थानीय लोग जुटने लगे, तो हमलावर घबराकर फरार हो गए। जाते-जाते आरोपी पीड़ित के पास मौजूद कलेक्शन के 10 हजार रुपये भी लूट ले गए। सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और नामजद आरोपियों को दबोचने के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *