एसडीओ और एसडीपीओ ने घटनास्थल का लिया जायजा
-दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई: एसडीपीओ सन्नी वर्धन
आदिवासी एक्सप्रेस / संतोष कुमार दास
चतरा : जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र के डटमी गांव निवासी 42 वर्षीय कैलाश यादव की निर्मम हत्या के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। बुधवार को एसडीओ जहूर आलम और एसडीपीओ सन्नी वर्धन डटमी गांव पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया। घटनास्थल का जायजा लेने के बाद एसडीओ और एसडीपीओ ने कहा कि डटमी की घटना गंभीर है और कानून हाथ में लेने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि इस मामले में एक नामजद मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस फरार चल रहे अन्य पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। एसडीओ और एसडीपीओ ने यह भी स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं एसडीओ ने सरकारी प्रावधानों के तहत पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया।ज्ञात हो कि मंगलवार सुबह करीब 9 बजे खेत की जुताई के दौरान जमीन विवाद को लेकर कैलाश यादव पर कथित तौर पर उनके सगे भाई, भतीजे और अन्य लोगों ने हमला कर दिया था, जिसमें उनकी पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।इधर, थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने बताया कि मामले के मुख्य आरोपी विलाश यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। मौके पर बीडीओ निखिल गौरव कमान कच्छप, सीओ ऋतिक कुमार, पुलिस इंस्पेक्टर विपिन कुमार, सब इंस्पेक्टर नितेश प्रसाद, औरु मुखिया प्रतिनिधि प्रभुदयाल यादव समेत सैकड़ों लोग मौजूद थे।
डटमी निवासी कैलाश यादव की हत्या के बाद जिला प्रशासन सख्त
