कोलकाता: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में नाबालिग से कथित दुष्कर्म और हत्या के बहुचर्चित मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपित प्रभास मंडल की मंगलवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी को जांच के तहत सूरजपुर स्थित घटनास्थल पर क्राइम सीन रिक्रिएट कराने ले जाया गया था। इसी दौरान उसने कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और मौके से भागने की कोशिश की। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने एक राउंड फायरिंग भी की, जिसके बाद आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल प्रभास मंडल को बारुईपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह मामला रविवार को सामने आया था, जब सूरजपुर इलाके के एक तालाब से नाबालिग किशोरी का शव बरामद हुआ। आरोप है कि किशोरी के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर शव तालाब में फेंक दिया गया। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था और लोगों ने आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी तथा सख्त सजा की मांग की थी।
जांच के दौरान पुलिस को कुछ सीसीटीवी फुटेज मिले, जिनमें कथित तौर पर किशोरी एक युवक के साथ दिखाई दी थी। पुलिस ने उसकी पहचान प्रभास मंडल के रूप में करते हुए उसे गिरफ्तार किया। हालांकि, सीसीटीवी फुटेज की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
इस बीच, पुलिस ने मामले में एक अन्य आरोपित कबीर मोल्ला को उत्तर 24 परगना के बशीरहाट क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसटीएफ, बारुईपुर एसओजी और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने की। अब इस मामले में गिरफ्तार आरोपितों की संख्या चार हो गई है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है।
