Birsa Times

झूठे मुकदमों से भाजपा नहीं डरेगी, लोकतांत्रिक तरीके से होगा संघर्ष : पूर्णिमा

झूठे मुकदमों से भाजपा नहीं डरेगी, लोकतांत्रिक तरीके से होगा संघर्ष : पूर्णिमा

पूर्वी सिंहभूम। टेल्को थाना में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी के विरोध में सोमवार रात टेल्को सेक्टर मार्केट में भारतीय जनता पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा की अध्यक्षता में हुई बैठक में विधायक पूर्णिमा साहू ने स्पष्ट कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान में विश्वास रखने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि यदि झूठे मुकदमों के जरिए कार्यकर्ताओं का मनोबल तोड़ने का प्रयास किया गया तो भाजपा संवैधानिक और लोकतांत्रिक दायरे में रहकर व्यापक जनआंदोलन करेगी। विधायक पूर्णिमा साहू ने टेल्को थाना में दर्ज प्राथमिकी को पूरी तरह निराधार, मनगढ़ंत और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताया।

उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक आंदोलन को अपराध का रूप देकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है। उनका आरोप था कि प्राथमिकी में कई ऐसी गंभीर धाराएं जोड़ी गई हैं, जिनसे संबंधित कोई घटना न तो बंद के दौरान सामने आई और न ही किसी प्रशासनिक अथवा मीडिया रिपोर्ट में उसका उल्लेख हुआ। इससे स्पष्ट है कि राजनीतिक दबाव में भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित करने का प्रयास किया जा रहा है।

बैठक में 3 जुलाई को शहर में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, हिमांशु हत्याकांड और बढ़ते अपराधों के विरोध में आयोजित जमशेदपुर बंद के दौरान टेल्को थाना में टेल्को मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा, घोड़ाबांधा मंडल अध्यक्ष नीरज शर्मा, जिला महामंत्री जितेंद्र राय, राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष कल्याणी शरण सहित 18 भाजपा नेताओं और कई अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी की प्रतियों का अध्ययन किया गया तथा आगे की रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई।

भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि पार्टी ने पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से जमशेदपुर बंद का आयोजन किया था, लेकिन सरकार के इशारे पर प्रशासन ने झूठे मुकदमे दर्ज कर लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ मजबूती से खड़ी है और किसी भी प्रकार के राजनीतिक उत्पीड़न का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया जाएगा।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेगा। प्रतिनिधिमंडल दर्ज प्राथमिकी से निराधार धाराएं हटाने तथा शहर में बढ़ते अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग करेगा। बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा, रामबाबू तिवारी, दिनेश कुमार, गुंजन यादव, सुधांशु ओझा, मनोज सिंह, कल्याणी शरण सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *