Birsa Times

बरहरवा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, दो मोबाइल चोर गिरफ्तार, चार चोरी के फोन बरामद

बरहरवा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, दो मोबाइल चोर गिरफ्तार, चार चोरी के फोन बरामद

आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो साहिबगंज
अजय कुमार कुशवाहा

बरहरवा, साहिबगंज- बरहरवा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरपीएफ की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के कारण आरोपियों के कब्जे से चोरी के चार मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 53 हजार 488 रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अग्रिम कार्रवाई हेतु जीआरपी बरहरवा के सुपुर्द कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार की अहले सुबह लगभग 2:15 बजे आरपीएफ इंस्पेक्टर बरहरवा संजीव कुमार अपने सहयोगी सहायक उपनिरीक्षक सुरेश पासवान एवं सिपाही सुजीत कुमार सिंह के साथ स्टेशन परिसर में गश्त एवं सुरक्षा जांच अभियान चला रहे थे। इसी क्रम में प्लेटफार्म संख्या-03 पर खड़ी विश्वभारती पैसेंजर ट्रेन के विभिन्न कोचों की सघन जांच की जा रही थी।

जांच के दौरान आरपीएफ टीम की नजर ट्रेन के एक कोच में संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे दो व्यक्तियों पर पड़ी। जब सुरक्षा बल के जवानों ने उनसे पूछताछ के लिए रोकने का प्रयास किया, तो दोनों अचानक कोच से कूदकर भागने लगे। हालांकि आरपीएफ जवानों ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर दोनों को धर दबोचा।

गिरफ्तार व्यक्तियों की तलाशी लेने पर उनके पास से कुल चार मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान चांद शेख (25 वर्ष) एवं इस्तेफाक शेख (30 वर्ष) के रूप में बताई। दोनों पाकुड़ जिले के निवासी हैं।

आरपीएफ द्वारा की गई गहन पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि बरामद मोबाइल फोनों में से दो मोबाइल बरहरवा रेलवे स्टेशन के द्वितीय श्रेणी प्रतीक्षालय में सो रहे यात्रियों से चोरी किए गए थे, जबकि अन्य दो मोबाइल टिकट काउंटर के समीप सोए हुए व्यक्तियों के पास से चुराए गए थे। आरोपियों के इस कबूलनामे के बाद आरपीएफ ने बरामद मोबाइल फोनों को स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में विधिवत जब्त कर लिया।

आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि बरामद मोबाइल फोनों की कुल अनुमानित कीमत 53,488 रुपये है। मामले में सभी आवश्यक दस्तावेजी एवं कानूनी प्रक्रिया पूरी कर दोनों अभियुक्तों को बरामद सामान और संबंधित अभिलेखों के साथ आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी बरहरवा को सौंप दिया गया है।

आरपीएफ बरहरवा ने कहा है कि रेलवे स्टेशन एवं ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा चोरी, छिनतई एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष निगरानी, गश्ती अभियान और जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही यात्रियों से भी अपील की गई है कि वे यात्रा के दौरान अपने सामान एवं मोबाइल फोन की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत रेलवे सुरक्षा बल या जीआरपी को दें।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *