आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो कृष्णा गोस्वामी
देवघर: नशामुक्त देवघर अभियान के तहत जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में देवघर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, देवघर एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति भागलपुर से ब्राउन शुगर लेकर देवघर पहुंचा है और विकास नगर स्थित मनोकामना साईं मंदिर के पास संदिग्ध अवस्था में मौजूद है। सूचना के सत्यापन के बाद एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर उसकी तलाशी ली। तलाशी के क्रम में उसके पास से लगभग 12.02 ग्राम ब्राउन शुगर और वीवो कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
गिरफ्तार युवक की पहचान छोटे कुमार उर्फ करिया के रूप में हुई है, जो भागलपुर जिले के सबौर थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।
देवघर एसडीपीओ ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस अभियान में पुलिस अधिकारियों के साथ तकनीकी शाखा और सशस्त्र बल की टीम भी शामिल रही।
देवघर में ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार, पुलिस की बड़ी कार्रवाई
