Birsa Times

नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा का प्रथम दिवस सकुशल संपन्न

नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा का प्रथम दिवस सकुशल संपन्न

दोनों पालियों में 5,118 अभ्यर्थी हुए उपस्थित, 1,410 रहे अनुपस्थित

जालौन। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा-2025 का प्रथम दिवस जनपद में नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सकुशल संपन्न हुआ। परीक्षा के दौरान जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की गई तथा सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़े सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए गए।

परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों एवं ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन प्रक्रिया एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित हों।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में यह परीक्षा 08, 09 एवं 10 जून 2026 को प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जा रही है। परीक्षा के सफल संचालन हेतु जनपद में कुल 09 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। तीन दिनों की कुल छह पालियों में 19,584 अभ्यर्थियों के परीक्षा में सम्मिलित होने की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक पाली में 3,264 अभ्यर्थियों के बैठने की क्षमता निर्धारित की गई है।

प्रथम दिवस की प्रथम पाली में कुल 3,264 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 2,556 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 708 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 3,264 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 2,562 अभ्यर्थी उपस्थित हुए तथा 702 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार दोनों पालियों में कुल 6,528 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 5,118 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1,410 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स एवं अन्य संचार माध्यमों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।

उन्होंने बताया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार सक्रिय हैं और सभी केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। जिला प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक अभ्यर्थी को निष्पक्ष एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है, जिससे भर्ती प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हो सके।

प्रथम दिवस की दोनों पालियां शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुईं और कहीं से भी किसी प्रकार की अव्यवस्था अथवा नकल संबंधी शिकायत प्राप्त नहीं हुई। जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग आगामी पालियों को भी इसी प्रकार सकुशल एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *