Birsa Times

मामूली विवाद में युवक को बेरहमी से पीटा, लहूलुहान हालत में क्षेत्राधिकारी कार्यालय पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार

मामूली विवाद में युवक को बेरहमी से पीटा, लहूलुहान हालत में क्षेत्राधिकारी कार्यालय पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार

माधौगढ़ (जालौन)। माधौगढ़ तहसील क्षेत्र के कुंवरपुरा गांव में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि गांव निवासी एक युवक के साथ उसके ही चाचा, चाची एवं चचेरे भाई ने मारपीट कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक ने उपचार कराने के बाद क्षेत्राधिकारी कार्यालय माधौगढ़ पहुंचकर शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुंवरपुरा गांव निवासी सूरज सिंह पुत्र रामशंकर का किसी बात को लेकर अपने परिजनों से विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर चाचा, चाची और चाचा के लड़के ने मिलकर सूरज सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान युवक के सिर, चेहरे, पीठ एवं शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। घटना के बाद युवक लहूलुहान अवस्था में पहुंचा, जहां उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया।

मेडिकल रिपोर्ट में युवक के माथे, नाक, गाल, पीठ और पैरों में कई चोटों का उल्लेख किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार चोटें किसी कठोर एवं कुंद वस्तु से लगना प्रतीत होती हैं। उपचार के बाद पीड़ित युवक सोमवार को लगभग 12 बजे क्षेत्राधिकारी कार्यालय माधौगढ़ पहुंचा और पूरे मामले से संबंधित शिकायती पत्र सौंपते हुए न्याय की गुहार लगाई।
पीड़ित का कहना है कि उसके साथ बिना किसी बड़ी वजह के मारपीट की गई और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। उसने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा उसे न्याय दिलाने की मांग की है।
क्षेत्राधिकारी कार्यालय में शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *