संवाददाता
चतरा। चतरा जिले के टंडवा से बड़ी ख़बर है कि एनटीपीसी पावर प्लांट के बीईपीएल कॉलोनी में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। टंडवा पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। एनटीपीसी पावर प्लांट में बॉयलर निर्माण कार्य में जुटी कंपनी बीईपीएल के कॉलोनी से बीते 23 मार्च को दिनदहाड़े लोहे की प्लेटें चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है।
कंपनी के एचआर मैनेजर गिरीश कुमार केजी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। तकनीकी इनपुट और गुप्त सूचना के आधार पर बुकरू पिकेट प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस ने हजारीबाग के केरेडारी इलाके में छापेमारी की। इस दौरान चोरी में इस्तेमाल की गई स्कार्पियो गाड़ी (JH 02 BT 3742) के साथ तीन आरोपियों, अशोक कुमार,रणधीर कुमार और बब्लू कुमार मंडल को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से 32 लोहे की प्लेटें, तीन मोबाइल और तीन हेलमेट बरामद किया है। आरोपी चोरी का माल सिमरिया में खपाने की फिराक में थे। टंडवा थाना प्रभारी पप्पू शर्मा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है और पूरे नेटवर्क की गहन जांच जारी है।
