रांची। राजधानी रांची के गैलेक्सिया मॉल स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय सहित झारखंड के सभी पासपोर्ट दफ्तरों को एक बार फिर बम से उड़ाने की सनसनीखेज धमकी मिली है। यह धमकी भरा संदेश जीमेल के जरिए भेजा गया, जिसके बाद प्रशासनिक और सुरक्षा महकमे में हड़कंप मच गया। गौरतलब है कि इससे पहले भी कई मौकों पर पासपोर्ट कार्यालय को इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं, जिनमें पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ आरोपियों को गिरफ्तार भी किया था।
ईमेल के जरिए मिली इस चेतावनी के तुरंत बाद सुखदेव नगर थाने की पुलिस टीम और बम निरोधक दस्ता (बम स्क्वॉड) मौके पर पहुंच गया। सुरक्षा बलों ने ऐहतियात के तौर पर गैलेक्सिया मॉल और परिसर में स्थित तमाम दुकानों व कार्यालयों की सघन जांच शुरू कर दी। हालांकि शुरुआती तलाशी अभियान के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है, फिर भी बम स्क्वॉड की टीम लगातार परिसर में छानबीन में जुटी हुई है।
सुरक्षा एजेंसियों ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल को एक्टिव कर दिया है। धमकी भरे जीमेल संदेश को तकनीकी जांच के लिए साइबर टीम के पास भेज दिया गया है, ताकि आईपी एड्रेस और ईमेल के जरिए इस शरारत या साजिश के पीछे मौजूद असामाजिक तत्वों का पता लगाकर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
